India-Japan Deal: रक्षा सहयोग से जुड़े एक मसौदे पर बड़ी डील करने वाला है भारत
By : डीबी न्यूज अपडेट| Edited By- सुप्रिया
India-Japan Deal: भारत और जापान के बीच एक बड़ी डिफेंस डील होने जा रही है, इसके जरिए भारत अपनी नौसेना के लिए जापान से एंटिना खरीदेगा. इस डील की घोषणा आज यानी मंगलवार को नई दिल्ली में होने वाली दोनों देशों के मंत्रियों की बैठक में हो सकती है. हिंद महासागर में चीनी घुसपैठ से भारत काफी परेशान है, क्योंकि चीनी नौसेना साउथ चाइना से लेकर अफ्रीका महाद्वीप तक अपना हस्तक्षेप बढ़ा रही है. जापानी एंटिना के जरिए भारतीय नौसेना हिंद महासागर में अपने दुश्मनों का आसानी से पता लगा सकेगी.
दोनों देशों की सेनाओं में अच्छा रहेगा तालमेल
इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2022 के बाद दोनों देशों के विदेश और रक्षा मंत्रियों की यह पहली मंत्रिस्तरीय बैठक होगी. जापानी नौसेना एनईसी और अन्य जापानी कंपनियों के द्वारा विकसित एंटिना का पहले से इस्तेमाल कर रही है. जापानी नौसेना अपने एडवांस एस्कॉर्ट जहाजों पर पहले से ही इस तरह के एंटिना लगा चुकी है. इस तरह के एंटिना मिसाइल और ड्रोन की हरकतों का आसानी से पता लगाने में सक्षम होते हैं. रिपोर्ट में कहा गया है कि इस एंटिना के उपयोग से संयुक्त रक्षा अभ्यास के दौरान दोनों देशों की सेनाओं में बेहतर तालमेल बन सकेगा. इस एंटिना की मदद से संदशों का आदान प्रदान करना भी आसान होता है.

