Bharat Taxi से सीधे ड्राइवर को होगा फायदा, सवारी बैठाने पर नहीं देना होगा कोई कमीशन.
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Bharat Taxi: भारत की पहली सहकारी टैक्सी सेवा शुरू होने जा रही है. केंद्र सरकार की भारत टैक्सी सेवा से सीधे ड्राइवरों को फायदा होने वाला है. ये टैक्सी सर्विस ओला और उबर जैसी कंपनियों को कड़ी टक्कर देने वाली है. सरकार की यह पहल ड्राइवरों को उनकी कमाई का पूरा हिस्सा देने के उद्देश्य से बनाई गई है. इसके साथ ही यात्रियों को अब निजी कैब एग्रीगेटर्स के मुकाबले सरकार की निगरानी में यात्रा करने का विकल्प मिल जाएगा.
कई शिकायतों के बाद लिया गया है निर्णय
बतादें कि पिछले कई सालों से ऐप आधारित टैक्सी प्लेटफॉर्म सर्विस को लेकर अलग-अलग शिकायतें सरकार के पास पहुंच रहीं थीं. जैसे टैक्सी सर्विस के बढ़े हुए किराए, मनमाने ढंग से कैंसिलेशन जैसी समस्या सामने आ रहीं थीं. इतना ही नहीं ड्राइवर्स भी इन प्राइवेट कंपनियों की ओर से लिए जाने वाले हाई कमीशन रेट पर असंतोष जताते रहते हैं. इससे उनके किराये से होने वाली इनकम का 25 फीसदी तक का नुकसान होता है. ऐसे में यदि सरकार की देखरेख में टैक्सी सर्विस की शुरुआत होती है तो उन ड्राइवरों की सारी समस्याएं दूर हो जाएंगी.
कब से शुरू होने जा रहा प्रोजेक्ट?
मीडिया रिपोर्ट से पता चल रहा है कि भारत टैक्सी का यह पायलट प्रोजेक्ट नवंबर में दिल्ली से शुरू होने जा रहा है, जिसमें प्रारंभिक रूप से 650 गाड़ियों और उनके चालकों के साथ शुरू किया जाएगा. अगर यह सफल रहा तो दिसंबर में इसको पूर्ण रूप से रोलआउट कर दिया जाएगा और दिल्ली के बाद यह सेवा दूसरे प्रमुख शहरों में विस्तारित कर दी जाएगी.
ड्राइवर्स को क्या होगा फायदा?
- टैक्सी ड्राइवर अपनी सवारी पर कोई कमीशन नहीं देंगे.
- ड्राइवर्स मेंबरशिप मॉडल के तहत काम करेंगे.
- ड्राइवरों को कुछ दैनिक, साप्ताहिक या मासिक शुल्क का योगदान होगा.
- सरकार का दावा है कि ड्राइवरों को ज्यादा कमाई होगी.
- महानगरीय क्षेत्रों में भारत टैक्सी का संचालन शुरू हो जाएगा.
- 2030 तक इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से 1 लाख ड्राइवर लाभान्वित होने की उम्मीद जताई जा रही है.
- भारत टैक्सी सर्विस के माध्यम से जिला मुख्यालय और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच बढ़ जाएगी.

