एमपी को मिल गया 6वां हवाई अड्डा, जबलपुर, भोपाल, खजुराहो, इंदौर, ग्वालियर में है अभी ऐसी सुविधा
By : DB News Update | Edited By : सुप्रिया
रीवा.
MP 6th Airport: मध्य प्रदेश का 6वां हवाई अड्डा बनकर तैयार हो चुका है. जिससे कमर्शियल और आम आदमी उड़ान भर सकेंगे. क्योंकि रीवा के नवनिर्मित एयरपोर्ट को DGCA ने लाइसेंस दे दिया है. इसके पहले एमपी में भोपाल, जबलपुर, खजुराहो, इंदौर और ग्वालियर में एयरपोर्ट थे, जहां ऐसी सुविधाएं थीं.
नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने आधिकारिक रूप से रीवा एयरपोर्ट को लाइसेंस जारी कर दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए लिखा कि रीवा एयरपोर्ट को डीजीसीए ने उड़ान भरने की अनुमति दे दी है। इससे प्रदेश के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी और क्षेत्रीय संपर्क का विस्तार होगा।
बता दें कि अब रीवा एयरपोर्ट से यात्री उड़ानों के साथ ही माल वाहक उड़ानों का परिचालन शुरू हो सकेगा. इससे क्षेत्र में रोजगार व्यापार और पर्यटन के क्षेत्र में भी विस्तार होगा. रीवा से विधायक राजेंद्र शुक्ला वर्तमान में मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री हैं और उन्होंने इस एयरपोर्ट के निर्माण में काफी अहम प्रयास किया है. अब रीवा एयरपोर्ट परिचालन के लिए तैयार है. रीवा एयरपोर्ट मध्य प्रदेश का छटवां एयरपोर्ट है और विंध्य का इकलौता एयरपोर्ट है.
6 महीने पहले एयरक्राफ्ट की हुई थी लैंडिंग
6 महीने पहले ही रीवा एयरपोर्ट पर पहले एयरक्राफ्ट की लैंडिंग हुई थी. इसी पर सवार होकर उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने रीवा से खजुराहो के लिए उड़ान भरी थी. इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा के तहत भोपाल से जबलपुर होकर रीवा और सिंगरौली जाने वाली एयर टैक्सी सेवा भी शुरू की थी. यह सेवा रीवा तक भी पहुंच रही है.
आस- पास के क्षेत्रों को मिलेगा लाभ
रीवा एयरपोर्ट को अगले 50 सालों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. रीवा से हवाई यात्रा करने वाले यात्री बिना किसी असुविधा के रीवा एयरपोर्ट तक पहुंच सकेंगे क्योंकि रीवा में पहले से बनाए गए रिंग रोड के चलते सीधी, सतना से यात्रियों का आना-जाना काफी बढ़ गया है. सिंगरौली का पावर प्लांट, विंध्य की 29 बड़ी इकाइयां, बेहतरीन हाईवे, मुकुंदपुर व्हाइट सफारी, बंधवगढ़ नेशनल पार्क, संजय नेशनल पार्क, एशिया का सबसे बड़ा सोलर पावर प्लांट, खूबसूरत जलप्रपात, भगवान श्री राम की तपोवन भूमि चित्रकूट, मैहर की शारदा मां और सीमेंट के बड़े उद्योग के कारण रीवा एयरपोर्ट की महत्व रखता है.

