रोहित शर्मा के लिए कल 19 जुलाई को इंग्लैंड का लॉर्ड्स मैदान इतिहास के पन्नों में होगा दर्ज, क्योंकि उनके करियर का आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला हो सकता है. इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में हार के बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टीम की बल्लेबाजी पर निराशा जताई थी.
Source : MEDIA
Written By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
INDIAN CRICKET TEAM NEWS: भारतीय टीम के दिग्गल बल्लेबाज रोहित शर्मा का करियर खत्म करने की तैयारी की जा रही है. देश-विदेश की इलेक्ट्रानिक, प्रिंट और सोशल मीडिया की खबरें तो कुछ ऐसा ही संदेश दे रही हैं. इंग्लैंड का लार्ड्स मैदान रोहित के अंतरराष्ट्रीय करियर का आखिरी पड़ाव माना जा रहा है. क्योंकि भारत और इंग्लैंड के बीच 3 अंतर्राष्ट्रीय वनडे मैचों में रोहित का बल्ला नहीं चला है और कल 19 जुलाई को लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरा वनडे खेला जाएगा, इसी बीच खेल जगत से जुड़े जानकारों ने कयास लगाना प्रारंभ कर दिया कि यह मैच उनके करियर का आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला हो सकता है. यहां बताना जरूरी है कि चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट ने उन्हें 2027 वनडे वर्ल्ड कप की योजनाओं से बाहर रखने का फैसला कर लिया है.
फिटनेस को लेकर चिंता जता रहा मैनेजमेंट
बताया जा रहा है कि रोहित शर्मा के करियर को लेकर सबसे बड़ी वहज उनकी फिटनेस को माना जा रहा है. हलांकि उन्होंने पिछले एक साल में अपनी फिटनेस पर काफी मेहनत की और वजन भी कम किया, लेकिन चोटों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा. आईपीएल 2026 के दौरान वह हैमस्ट्रिंग इंजरी का शिकार हुए, जिसके कारण उन्हें पांच मुकाबलों से बाहर बैठना पड़ा. इसके बाद अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले भी उनकी फिटनेस को लेकर लगातार चर्चा होती रही. ऐसे में चयनकर्ताओं के लिए उनके लगातार खेलते रहने को लेकर चिंता जताई है.
फॉर्म में नहीं कर पा रहे वापिसी
रोहित शर्मा की हालिया बल्लेबाजी को लेकर भी कई लोग सवाल कर रहे हैं. साल 2026 में वनडे क्रिकेट में उनका प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं था. इंग्लैंड के खिलाफ शुरुआती दोनों वनडे में भी वह बड़ी पारी नहीं खेल सके. इस साल उन्होंने आठ पारियों में सिर्फ 241 रन बनाए हैं और उनका औसत 30.12 रहा है. इतना ही नहीं, कप्तानी छोड़ने के बाद उनके स्ट्राइक रेट में भी लगातार गिरावट देखने को मिली है. पहले वह पावरप्ले में 120 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते थे, लेकिन अब यह आंकड़ा 90 से भी नीचे पहुंच गया है.
युवा खिलाड़ी दे रहे चुनौती
तीसरी बड़ी चुनौती टीम इंडिया के धांसू बल्लेबाज रोहित शर्मा के सामने युवा बल्लेबाज हैं. जिन्होंने ओपनिंग में अच्छा कमाल दिखाया है. क्योंकि ओपनिंग में यशस्वी जायसवाल ने शानदार दावेदारी पेश की है. उन्होंने सिर्फ छह वनडे मैचों में दो शतक लगाए हैं और उनका औसत 70 से ज्यादा का है. वहीं ईशान किशन भी वनडे टीम में वापसी कर चुके हैं. उनके नाम 45 से अधिक की औसत से 1092 रन और एक दोहरा शतक दर्ज है. विकेटकीपर बल्लेबाज होने का अतिरिक्त फायदा भी उन्हें चयन की दौड़ में मजबूत बनाता है. ऐसे में भविष्य को ध्यान में रखते हुए टीम मैनेजमेंट युवाओं पर भरोसा जताने के मूड में नजर आ रहा है.
दूसरा मैच हारने हताश हुई टीम
भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला सबसे ज्यादा निराश किया. इस मैच में इंग्लैंड ने 4 विकेट दूसरा मैच जीत लिया, जिससे भारतीय टीम इस सीरीज में 1-1 की बराबरी पर आ गई है और अब 19 जुलाई को खेला जाने वाला तीसरा वनडे निर्णायक मोड़ पर आ गया है. क्योंकि यह मैच न केवल भारतीय टीम को जीत दिलाएगा. बल्कि अनुभवी बल्लेबाज का करियर भी तय करने जा रहा है. दूसरे मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया 233 रन बनाए थे. जवाब में इंग्लैंड की टीम 45वें ओवर में ही लक्ष्य तक पहुंच गई. मैच के बाद कप्तान शुभमन गिल ने माना कि टीम ने बीच के ओवरों में लगातार विकेट गंवाकर मुकाबला अपने हाथ से निकाल दिया.
बल्लेबाजों के प्रदर्शन पर निराशा जाहिर की
दूसरे मैच के बाद शुभमन गिल ने बल्लेबाजों के प्रदर्शन पर निराशा जाहिर की थी. उन्होंने कहा, ‘ईमानदारी से कहूं तो यह हार काफी निराशाजनक है. 25 ओवर तक हम अच्छी स्थिति में थे, लेकिन उसके बाद हमने लगातार विकेट गंवा दिए. हमें पता है कि हमारे निचले क्रम के बल्लेबाज भी योगदान दे सकते हैं, लेकिन इस मैच में हम उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे थे. आगे हमें छोटी-छोटी साझेदारियां बनानी होंगी.’
जो रूट भारतीय टीम पर पड़े भारी
गिल ने माना कि जो रूट भारतीय टीम पर भारी पड़ गए. वहीं वाशिंगटन सुंदर की चोट का जिक्र करते हुए कहा कि इससे टीम पर ज्यादा असर नहीं पड़ा, क्योंकि मुख्य गेंदबाजों ने अपना कोटा पूरा किया. हालांकि उन्होंने माना कि मैच का मोमेंटम भारत के हाथ से निकल गया था. इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट की तारीफ करते हुए गिल ने कहा, ‘जो रूट इस तरह के लक्ष्य का पीछा करने में माहिर खिलाड़ी हैं. उन्होंने बेहद शानदार पारी खेली.’
रूट ने दिलाई इंग्लैंड को जीत
234 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन जो रूट ने एक छोर संभाले रखा. उन्होंने 133 गेंदों में 9 चौकों की मदद से नाबाद 99 रन बनाए और टीम को 45वें ओवर में जीत दिला दी. विल जैक्स ने 30 रन बनाए, जबकि गस एटकिंसन 23 रन बनाकर नाबाद लौटे. भारत की ओर से गुरनूर ब्रार ने 2 विकेट लिए. जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, शिवम दुबे और अक्षर पटेल को 1-1 विकेट मिला.
15 रन के अंदर बिखर गया था मिडिल ऑर्डर
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने अच्छी शुरुआत की थी. विराट कोहली ने 65 और श्रेयस अय्यर ने 66 रन बनाकर मजबूत साझेदारी निभाई. ऐसा लग रहा था कि भारत बड़ा स्कोर बनाएगा, लेकिन जोफ्रा आर्चर की धारदार गेंदबाजी के सामने मिडिल ऑर्डर पूरी तरह बिखर गया. भारतीय टीम ने सिर्फ 15 रन के भीतर अपने 4 अहम विकेट गंवा दिए, जिससे बड़ा स्कोर बनाने की उम्मीद खत्म हो गई. रोहित शर्मा भी इस मुकाबले में 26 रन बनाकर आउट हो गए.
चयनकर्ताओं ने पुष्टि नहीं की
रोहित शर्मा के करियर को लेकर चयनकर्ताओं ने इस बात की पुष्टि नहीं की है कि रोहित शर्मा का यह आखिरी मुकाबला है. हलांकि मीडिया के माध्यम से रोहित शर्मा पर सन्यास लेने खबरें चलाकर दबाव जरूर बनाया जा रहा है. जिससे उनके करियर पर सीधा असर पड़ रहा है.

