मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य की महिलाओं को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिससे विवाद बढ़ गया है. उनके बयान को बीजेपी ने महिलाओं का अपमान बताया.
By : DB News Update | Edited By : प्रिंस अवस्थी
MP News: मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के एक बयान सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. जिसको लेकर भाजपा नेताओं ने दावा किया है कि जीतू पटवारी के मन में महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना नहीं है. वहीं जीतू पटवारी के उस बयान को कांग्रेस नेता यह कह रहे हैं कि अपनी कमी छिपाने के चक्कर में उनके बयान को गलत दिशा में ले जाया जा रहा है.
बतादें कि जीतू पटवारी ने मीडिया के सामने कहा कि पूरे देश में सबसे ज्यादा मध्य प्रदेश की महिलाएं शराब पीती हैं. लाड़ली बहना के नाम पर वोट लिए और आज वे ही सबसे ज्यादा नशा कर रही हैं.
इस बयान के माध्यम से जीतू पटवारी ने प्रदेश में शराब और ड्रग्स की खपत को लेकर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा, “पूरे देश में मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा शराब की खपत है.” साथ ही यह भी जोड़ा कि ड्रग्स के मामले में मध्य प्रदेश ने पंजाब को भी पीछे छोड़ दिया है.
पटवारी ने इस स्थिति के लिए मोहन यादव और शिवराज सिंह चौहान को जिम्मेदार ठहराया. उनका कहना है कि प्रदेश में शराब और ड्रग्स की बढ़ती समस्या को लेकर राज्य सरकार गंभीर नहीं है.
बीजेपी का पलटवार
जीतू पटवारी के बयान के बाद बीजेपी ने तुरंत पलटवार किया. बीजेपी प्रवक्ता अजय सिंह यादव ने कहा, “जीतू पटवारी प्रदेश की महिलाओं को शराबी बात कर महिलाओं का अपमान कर रहे हैं. ऐसे व्यक्ति को कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष बनाया है.”
एमपी के सीएम मोहन यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि हरतालिका तीज के पावन पर्व के दिन बहनों का यह अपमान हमारी सरकार और पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी. कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को माफी मांगना चाहिए. एमपी की बहनों को अपमानित करने वालों को पद से हटाना चाहिए.
जबलपुर उत्तर मध्य के विधायक अभिलाष पाण्डे ने कहा कि यह बयान सामाजिक और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के खिलाफ है. जो महिलाओं की गरिमा और उनकी भूमिका को कमतर आंकता है.

