2 को छोड़कर सभी के मारे जाने की आशंका, पक्षी, लैंडिंग गियर और ब्लास्ट कैसे हुआ प्लेन क्रैश
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
South Korea Plane Crash: साउथ कोरिया में रविवार को बैंकॉक से आ रही जेजू एयर की एक फ्लाइट मुआन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर क्रैश हो गई. कोरिया टाइम्स के मुताबिक हादसे में 181 लोगों में से 85 लोगों के शव बरामद हुए हैं. 2 लोगों को जिंदा बचा लिया गया है, इसके अलावा अन्य 94 यात्रियों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है.
न्यूज एजेंसी योनहाप और अन्य मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक एयरपोर्ट पर लैंड करते वक्त प्लेन के लैंडिग गियर में खराबी आई थी. इसकी वजह से प्लेन को बिना लैंडिंग गियर के लैंड करना पड़ा.
लैंड करने के बाद प्लेन रनवे पर फिसलता हुआ, एयरपोर्ट की फैंस (बाउंड्री) से टकराकर क्रैश हो गया. एजेंसी के मुताबिक विमान में 6 क्रू मेंबर और 175 यात्री सवार थे.
हादसा भारतीय समय के मुताबिक सुबह 5:37 बजे (लोकल टाइम सुबह 9:07 बजे) हुआ। रिपोर्ट के मुताबिक एयरपोर्ट पर सभी लोकल और इंटरनेशनल फ्लाइट्स रद्द कर दी गई हैं.
पहली बार में लैंड नहीं कर पाया प्लेन
जेजू एयरलाइन का जो प्लेन क्रैश हुआ है, वह अमेरिकी कंपनी बोइंग का 737-800 प्लेन था. प्लेन ने एयरपोर्ट पर लैंडिंग के लिए दो बार कोशिश की. पहली बार में भी लैंडिग गियर नहीं खुलने की वजह से प्लेन लैंड नहीं हो पाया था. इसके बाद प्लेन ने एयरपोर्ट का एक चक्कर लगाया था.
पायलट ने दूसरी बार प्लेन को बिना लैंडिग गियर के ही लैंड करा दिया. कई मीडिया रिपोर्ट्स में मुताबिक प्लेन के विंग से पक्षी के टकराने का दावा किया जा रहा है. इसकी वजह से लैंडिग गियर खराब हुआ और लैंड करते वक्त खुल नहीं पाया.


