ED की रेड जबलपुर से लेकर भोपाल तक, सौरभ शर्मा के साले के घर जबलपुर तक पहुंची टीम, प्रेस लिखी गाड़ी से वहां पहुंची थी ईडी.
BY : DB News Update | Edited By : प्रिंस अवस्थी
ED Raids In MP: जबलपुर. ED की टीम जबलपुर निवासी रोहित तिवारी के परिवार से पूछताछ कर रही है. घर को चारों तरफ से बंद कर दिया गया है. परिवार से पूछताछ की जा रही है. कोई भी सदस्य घर के अंदर या बाहर नहीं जा सकता है. इसके लिए सुरक्षा की पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
सौरभ शर्मा और उसके नजदीकी लोगों के ठिकाने पर ईडी की छापेमारी चल रही है. यह छापेमारी तीन शहरों में चल रही है. भोपाल और ग्वालियर स्थित सौरभ और उसके नजदीकियों पर छापेमारी चल रही है. इसके साथ ही ईडी जबलपुर में बिल्डर रोहित तिवारी के ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. बताया जा रहा है कि रोहित तिवारी सौरभ शर्मा का साला है. इससे रोहित के सहयोगियों में भी हड़कंप मच गया है.
छापेमारी वाली जगहों पर सीआरपीएफ का पहरा
वहीं, सौरभ शर्मा के घर और उससे जुड़े लोगों के ठिकानों पर जहां छापेमारी चल रही है, वहां सीआरपीएफ का पहरा है. घर के अंदर किसी को जाने की इजाजत नहीं है. साथ ही अधिकारी भी कुछ बात करने को तैयार नहीं है. ईडी ने सोने और कैश बरामदगी के बाद मामला दर्ज किया है.
जबलपुर में पत्रकार बनकर पहुंची ईडी की टीम
जबलपुर के शास्त्री नगर में रोहित तिवारी का घर है. ED के सदस्य जिन गाड़ियों से आए हैं, उन गाड़ियों पर प्रेस लिखा हुआ है. बताया जा रहा है कि रोहित तिवारी सौरभ शर्मा का साला है. वह भी जबलपुर में रियल एस्टेट के कारोबार से जुड़ा बताया जा रहा है.
ग्वालियर में भी चल रही कार्रवाई
ग्वालियर के विनय नगर स्थित सेक्टर-2 में सौरभ शर्मा का घर है. यहां ईडी की टीम सुबह से छापेमारी कर रही है. घर के अंदर कार्रवाई में शामिल टीम के सदस्यों के अलावा किसी को जाने की इजाजत नहीं है. हालांकि कुछ देर पहले दो बैग घर के अंदर पहुंचाए गए हैं. कार्रवाई के बारे में ईडी ने अभी कोई जानकारी नहीं दी है.

