इजराइल ने इमरजेंसी लगाई, 100 फाइटर जेट्स से पलटवार किया, 11 मिलिट्री बेस को निशाना बनाया
By- डीबी न्यूज अपडेट| Edited By- सुप्रिया
तेल अवीव. लेबनान से ऑपरेट होने वाले हिजबुल्लाह संगठन ने इजराइल पर 320 रॉकेट से हमला किया है। कतर के मीडिया हाउस अलजजीरा के मुताबिक हिजबुल्लाह ने रविवार को इजराइल के 11 सैन्य ठिकानों पर मिसाइलें और ड्रोन्स भी फायर किए. हिजबुल्लाह ने यह हमला अपने टॉप कमांडर फुआद शुक्र की मौत का बदला लेने के लिए किया. दरअसल, इजराइल ने 30 जुलाई को बेरूत में एक एयरस्ट्राइक कर हिजबुल्लाह के टॉप कमांडर को मार गिराया था.
24 घंटे में इमरजेंसी की घोषणा
हिजबुल्लाह के हमले के बाद इजराइल के रक्षा मंत्री योव गैलेंट ने 48 घंटों के लिए इमरजेंसी की घोषणा कर दी। राजधानी तेल अवीव के बेन गुरियन एयरपोर्ट को बंद करते हुए आने-जाने वाली सभी फ्लाइट्स को 90 मिनट के लिए रोक दिया गया। हालांकि, बाद मेंसेवाएं वापस शुरू कर दी गईं.
हिजबुल्लाह के हमले के बाद प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कैबिनेट की बैठक बुलाई. उन्होंने कहा कि हम पर हजारों रॉकेट्स से हमला हुआ, जिसे नाकाम कर दिया गया। नेतन्याहू ने कहा, “हम देश की सुरक्षा के लिए कुछ भी करने को तैयार हैं. जो हमें नुकसान पहुंचाएगा, हम उसे नुकसान पहुंचाएंगे.”
इजराइल ने 100 फाइटर जेट्स से जवाबी हमला किया
हिजबुल्लाह के हमले के बाद इजराइल ने लेबनान में उसके ठिकाने पर जवाबी कार्रवाई की है. टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक, इजराइली डिफेंस फोर्स (IDF) ने 100 फाइटर जेट्स से हिजबुल्लाह की रॉकेट लॉन्चिंग साइट्स पर अटैक किया.
लेबनान और इजराइल के बीच हमले उस वक्त हुए हैं जब गाजा में जारी जंग को रोकने के लिए मिस्र की राजधानी काहिरा में बैठक चल रही है. अमेरिकी मीडिया हाउस न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, हिजबुल्लाह ने सुबह-सुबह इजराइल पर हमला किया.

