PM Modi at Bageshwar Dham: पीएम मोदी आज से दो दिवसीय मध्य प्रदेश दौरे पर रहेंगे. रविवार को वह बागेश्वर धाम में जाएंगे. यहां उन्हें कैंसर हॉस्पिटल की आधारशिला रखनी है.
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
PM Modi at Bageshwar Dham: पीएम मोदी आज (रविवार) बागेश्वर धाम आ रहे हैं. मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित इस धाम में वह पूरे एक घंटे ठहरेंगे. इस दौरान वह बालाजी मंदिर के दर्शन करेंगे और फिर यहां कैंसर हॉस्पिटल की आधारशिला रखेंगे. इस दौरान उनके साथ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और राज्यपाल मंगूभाई पटेल भी रहेंगे. बाबा बागेश्वर यानी पंडित धीरेंद्र शास्त्री इन विशेष अतिथियों की मेजबानी करेंगे.
पीएम मोदी अपनी बागेश्वर धाम यात्रा के ठीक बाद भोपाल रवाना होंगे. यहां वह ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2025 का उद्घाटन करेंगे. भोपाल में वह पूरे 23 घंटे रूकेंगे. राजभवन में वह रात्रि विश्राम करेंगे.
ऐसा है बागेश्वर धाम का कैंसर हॉस्पिटल
बागेश्वर धाम का यह नया हॉस्पिटल 252 करोड़ रुपए की लागत से बनेगा. 2.37 लाख वर्ग फीट में बनने वाले इस हॉस्पिटल से आसपास के सात जिलों के कैंसर रोगियों और अन्य बीमारियों से पीड़ित लोगों को लाभ मिलेगा. इस बिल्डिंग में प्राकृतिक रौशनी के साथ ही कम से कम शोर होगा. इसका आकार पिरामिड की तरह होगा. ग्राउंड फ्लोर का 4124 वर्ग मीटर में बनेगा जबकि शीर्ष फ्लोर 816 वर्ग मीटर का होगा.

