जयपुर में CNG ट्रक के विस्फोट और टक्कर में 6 की मौत हो गई और 40 घायल हो गए. 40 वाहन नष्ट हो गए. गाड़ियों में कई लोग फंसे हैं, जिन्हें बचाने के लिए राहतकार्य जारी है.
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Bhankrota Fire Accident CNG Truck Blast: राजस्थान के जयपुर में शुक्रवार की सुबह एक खौफनाक मंजर देखने को मिला. एक बड़े सड़क हादसे और जोरदार ब्लास्ट ने करीब 50 लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. जयपुर की अजमेर रोड के पास एक सीएनजी ट्रक की दूसरे ट्रक से टक्कर हो गई, जिसके बाद धमाका हुआ और चारों तरफ आग फैल गई. इस हादसे में 6 लोग जिंदा जल कर मर गए जबकि करीब 40 से ज्यादा लोग झुलस गए हैं. इतना ही नहीं, 40 गाड़ियां भी जल कर खाक हो गई हैं. इन गाड़ियों में सवारियां थीं, जिन्होंने किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई.
जयपुर के भांकरोटा इलाके में सुबह 5.00 बजे हुए इस हादसे की खबर जैसे ही पुलिस तक पहुंची, तुरंत दमकल विभाग और पुलिस की टीमें राहत और बचाव कार्य के लिए दौड़ पड़ीं. आग इतनी वीभत्स थी कि फायर डिपार्टमेंट की कई गाड़ियां कई घंटों तक इसे बुझाने में लगी रहीं. जो लोग भाग कर जान बचा सके, वह खुशकिस्मत थे. हालांकि, 6 लोगों को अपनी जान बचाने का मौका नहीं मिल सका. कई लोग गाड़ियों से बाहर भी नहीं आ सके थे.
कैसे हुआ हादसा?
शुक्रवार की सुबह 5.00 बजे अब उजाला नहीं रहता. ठंड की वजह से सूरज देर से निकलता है और दूर तक अंधेरा बना रहता है. वहीं, कोहरे की वजह से भी विजिबिलिटी काफी कम हो जाती है. ऐसे में हाईवे पर जा रही गाड़ियों के लिए रफ्तार और सुरक्षा साथ लेकर चलना मुश्किल हो जाता है. आशंका है कि जयपुर में हुए इस हादसे में भी कुछ ऐसा ही हुआ होगा. दो ट्रक आपस में भिड़ गए, जिनमें से एक सीएनजी ट्रक था. इस भिड़ंत के बाद जोरदार धमाका हुआ और चारों तरफ आग फैल गई. इतना ही नहीं, पीछे से आ रही गाड़ियां भी एक-एक कर के एक दूसरे में भिड़ती चली गईं.

