पाकिस्तान में इमरान खान की रिहाई की मांग को लेकर भड़की हिंसा में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस और रेंजर्स पर हमला किया. इसमें 6 सुरक्षाकर्मी मारे गए.
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Violence In Pakistan: पाकिस्तान में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की रिहाई की मांग को लेकर हालात बिगड़ते जा रहे हैं. सैकड़ों समर्थक इस्लामाबाद में घुसकर हिंसा पर उतारू हो गए हैं. श्रीनगर हाईवे पर प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा रेंजर्स को गाड़ियों से कुचल दिया जिसमें 4 पैराट्रूपर्स की मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक अब तक इस हिंसा में 6 सुरक्षाकर्मी मारे जा चुके हैं और 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हुए हैं. स्थिति को काबू में करने के लिए अनुच्छेद 245 के तहत सेना को बुलाया गया है और देखते ही गोली मारने के आदेश जारी किए गए हैं.
बताया जा रहा है कि खैबर पख्तूनख्वा से प्रदर्शनकारी डी-चौक की ओर बढ़ रहे हैं जो राष्ट्रपति भवन, प्रधानमंत्री कार्यालय और संसद जैसी प्रमुख इमारतों के पास है. प्रदर्शनकारियों ने शिपिंग कंटेनरों और बैरिकेड्स को भारी मशीनरी की मदद से हटा दिया. इमरान खान की पत्नी बुशरा बीबी और मुख्यमंत्री अली अमीन गंदापुर के नेतृत्व में मार्च जारी है. प्रदर्शनकारी शांतिपूर्ण विरोध का दावा कर रहे हैं, लेकिन हिंसा बढ़ती जा रही है.

