जबलपुर से “महाकुंभ प्रयागराज सहित वाराणसी, गंगासागर एवं पुरी यात्रा” के लिए रवाना होगी आईआरसीटीसी की ट्रेन
By : डीबी न्यूज अपडेट | Edited By: प्रिंस अवस्थी
MP News : जबलपुर. मध्यप्रदेश के तीर्थ यात्रियों के लिए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन लिमिटेड (आई.आर.सी.टी.सी.) द्वारा भारत गौरव पर्यटक ट्रेन का संचालन किया जा रहा है. जो दिनांक 06 फरवरी 2025 को इंदौर शहर से “महाकुंभ सहित वाराणसी, गंगासागर एवं पुरी यात्रा” के लिए रवाना होगी. यह ट्रेन मध्यप्रदेश के इंदौर, देवास, उज्जैन, शुजालपुर, सीहोर, रानी कमलापति, इटारसी, नरसिंहपुर, जबलपुर एवं कटनी स्टेशनों से होते हुए जाएगी. इन स्टेशनों से यात्री इस ट्रेन पर सवार हो सकेंगे.
8 रातें और 9 दिनों की यात्रा
8 रातें और 9 दिनों की इस यात्रा में वाराणसी, प्रयागराज (महाकुंभ), गंगासागर, कोलकाता एवं पुरी के दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कराया जायेगा. इसके लिए यात्रियों को रु. 24,500/- प्रति व्यक्ति (SL- इकॉनामी श्रेणी), रु. 34,400/- प्रति व्यक्ति (3AC – स्टैण्डर्ड श्रेणी) एवं रु. 42,600/- प्रति व्यक्ति (2AC – कम्फर्ट श्रेणी) किराया देना होगा. आईआरसीटीसी पोर्टल पर अलग से महाकुंभ प्रयागराज में आईआरसीटीसी टेंट सिटी की बूकिंग भी शुरू हो चुकी है.
इक्छुक पर्यटक इसकी बुकिंग आई.आर.सी.टी.सी. की वेबसाइट www.irctctourism.com पर ऑनलाइन व अधिकृत एजेंट से भी करा सकते है.

