मध्य प्रदेश में जनगणना से पहले प्रशासनिक सर्जरी की गई, जिलों में कमांड बनाए रखने के लिए सरकार का बड़ा फैसला, रीवा, मैहर, मंडला सहित भोपाल तक फेरबदल देखने को मिला.
Source : DB News Update
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
MP News In Hindi: मध्य प्रदेश में एक बार फिर प्रशासनिक सर्जरी की गई है. कई जिलों के कलेक्टरों में बदलाव किया गया है. इस तरह का फेरबदल अमूनन चुनाव के दौरान देखने को मिलता है. लेकिन जनगणना से पहले इस स्तर पर किया गया बड़ा बदलाव प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया है. प्रदेश सरकार ने 14 जिलों के कलेक्टर सहित कुल 26 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं. यह फैसला गुरुवार 9 अप्रैल को लिया गया है, जिसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा आईएएस आधिकारिक के फेरबदल किए जाने के आदेश जारी कर दिए. सोमवार से सभी कलेक्टर अपने जिले के प्रभार में आ जाएंगे.
भोपाल कलेक्टर का हटना सबसे ज्यादा चर्चा का विषय
आईएएस के इस फेरबदल में सबसे ज्यादा भोपाल के कलेक्टर चर्चा में रहे, क्योंकि भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह को मुख्यमंत्री का सचिव बनाया गया है. वहीं, धार के कलेक्टर प्रियांक मिश्रा को अब भोपाल का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है. प्रियंक मिश्रा जबलपुर सीईओ और कटनी कलेक्टर रहते हुए कई ऐसे नवाचार किए हैं, जिसके कारण वे मीडिया के माध्यम से चर्चा में रहे हैं. अब राजधानी की कमान मिलने के बाद इनकी प्रतिभा का आंकलन किया जाएगा.
इन जिलों को मिले नए कलेक्टर
प्रशासनिक स्तर पर आईएएस का स्थानांतरण अपने आप में चर्चाओं का विषय बन जाता है. अचानक सागर, धार, रीवा, भोपाल, नर्मदापुरम, सिवनी, शिवपुरी, उमरिया, श्योपुर, मैहर, दमोह, मंडला, झाबुआ और बैतूल सहित कई जिलों के कलेक्टरों को बदले जाने से ज्यादा चर्चा होने लगी है. वहीं नर्मदापुरम के संभागीय आयुक्त और लोक निर्देश आयुक्त को भी बदल दिया गया है.
महिला कलेक्टरों को मिली अहम जिम्मेदारी
बताया जा रहा है कि आईएएस का अचानक फेरबदल किए जाने का निर्णय मुख्यमंत्री मोहन यादव और मुख्य सचिव अनुराग जैन के बीच हुई अहम बैठक में लिया गया है. उसी के बाद तुरंत आदेश जारी किए गए हैं. हलांकि यह बदलाव काफी लंबे समय से प्रस्तावित था, लेकिन त्योहार और बजट सत्र के चलते आईएएस के फेरबदल किए जाने में देरी हो रही थी. आईएएस के तबादले में महिलाओं को अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है. कुल 9 महिला आईएएस अधिकारियों का तबादला हुआ है. जिनमें शिल्पा गुप्ता, प्रतिभा पाल, सोनिया मीणा, शीतला पाटले, नेहा मीणा, रानी बटाड, राखी सहाय, शीला दाहिमा और बिदिशा मुखर्जी शामिल हैं.
5 महिलाओं को बनाया गया कलेक्टर
शासन द्वारा आईएएस की निकाली गई लिस्ट में 5 महिलाओं को कलेक्टर बनाया गया है. इसमें प्रमुख रूप से राखी सहाय, शीला दाहिमा और बिदिशा मुखर्जी को पहली बार कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है. जबकि प्रतिभा पाल और नेहा मीणा पहले से इस पद पर कार्य कर रही थीं.
जनगणना के पहले प्रशानिक सर्जरी
अचानक शासन स्तर पर किया गया प्रशासनिक फेरबदल जनगणना को ध्यान में रखते हुए लिया गया है. क्योंकि 16 अप्रैल से जनगणना शुरू होने वली है. सरकार की मंशा शायद यह है कि जनगणना जैसा बड़ा कार्य को प्रदेश भर में सुचारू रूप से पूरा हो, जिसके लिए प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत और व्यवस्थित होना बहुत जरूरी है.
शिवपुरी और उमरिया कलेक्टर बने अपर सचिव
आईएएस की फेदबल वाली लिस्ट में शिवपुरी के कलेक्टररवीन्द्र कुमार चौधरी का अपर सचिव मध्यप्रदेश शासन नर्मदाघाटी विकास विभाग तथा अपर सचिव जल संसाधन विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. वहीं उमरिया कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन को अपर सचिव विमानन विभाग में पदस्थापना की गई है. वहीं संदीप जी. आर श्रम आयुक्त इंदौर अपर सचिव बनाया गया है. रानी बाटला, सोनिया मीणा और सुधरी कुमार कोचर को उप सचिव बनाकर बैठा दिया गया है.
राखी, शीला और मुखर्जी का हुआ प्रमोशन
प्रशासनिक अधिकारियों में राखी सहाय, शीला दामिया और विदशा मुखर्जी का प्रमोशन हुआ है. इसके अलावा अन्य कई अधिकारियों का भी इसी प्रकार का प्रमोशन हुआ है. लेकिन ये नाम खास चर्चा का विषय बने रहे हैं. क्योंकि लंबे समय से उप सचिव के पद पर बैठकर इनके द्वारा काम किया जा रहा था. इसके अलावा प्रताप नारायण यादव, रहुल नामदेव धोटे, योगेश तुकाराम भरसट और डॉ. सौरभ संजय सोनवणे जैसे आईएएस अधिकारियों को कलेक्टर की जिम्मेदारी मिली है.

