जाफर एक्सप्रेस बलूचिस्तान प्रांत के क्वेटा से खैबर पख्तूनख्वा के पेशावर जा रही थी तभी BLA आतंकियों ने इस पर फायरिंग कर हाईजैक कर लिया.
By : DB News Update | Edited By : प्रिंस अवस्थी
Pakistan Train Hijack : पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, सुरक्षाबलों ने अबतक 155 बंधकों का रेस्क्यू कर लिया है. इस ऑपरेशन में बीएलए के 27 लड़ाके मारे जा चुके हैं. अधिकारियों का कहना है कि जब तक सभी बंधकों को रिहाई नहीं हो जाती, तब तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहेगा.
बोलन मेल और जाफर एक्सप्रेस 3 दिनों के लिए सस्पेंड
पाकिस्तान रेलवे के अधिकारियों ने बताया है कि क्वेटा से देश के अन्य हिस्सों में चलने वाली बोलन मेल और जाफर एक्सप्रेस को अगले तीन दिनों के लिए सस्पेंड कर दिया गया है. जाफर एक्सप्रेस हाईजैक के बाद ट्रेन सेवाओं को सस्पेंड करने का फैसला लिया गया है. अधिकारियों ने बताया कि क्वेटा से चमन जाने वाली पैसेंजर ट्रेन भी अभी तक रवाना नहीं हुई है.
अफगानिस्तान में बैठे मास्टरमाइंड से बातचीत कर रहे लड़ाके
पाक मीडिया ने सूत्रों के हवाले से लिखा है कि इस हमले का मास्टरमाइंड अफगानिस्तान में है और हमलावर सैटेलाइट फोन के जरिए उससे बातचीत कर रहे हैं. लड़ाके महिलाओं और बच्चों को मानव ढाल के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं.
आत्मघाती जैकेट पहने हुए हैं लड़ाके
पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, सुरक्षा बल बंधकों की रिहाई के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं. उन्होंने ये भी कहा कि कुछ लड़ाके आत्मघाती जैकेट पहने हुए हैं और वो यात्रियों को मानव ढाल के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं. इसलिए पाक सेना सावधानी के साथ आगे बढ़ रही है.

