Harris vs Trump: अमेरिका में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव को लेकर चल रही डिबेट समाप्त हो गई है. इस दौरान रूस-यूक्रेन जंग से लेकर इजरायल और गाजा संघर्ष पर बहस हुई. ट्रंप ने युद्धविराम की तरफदारी की है.
By : DB News Update| Edited By: Prince Awasthi
US Presidential Debate: डोनाल्ड ट्रंप और कमला हैरिस के बीच पेन्सिल्वेनिया के नेशनल कॉन्स्टीट्यूशन सेंटर में चल रही अमेरिकी प्रेसिडेंशियल डिबेट समाप्त हो गई है. समापन भाषण में कमला हैरिस ने कहा कि उनके और ट्रम्प के पास अमेरिका के लिए दो “बहुत अलग’ दृष्टिकोण हैं। हैरिस ने कहा कि उनका ध्यान भविष्य पर है और ट्रंप का ध्यान अतीत पर है। उन्होंने कहा, “हम पीछे नहीं जा रहे हैं। हम आगे बढ़ने का एक नया रास्ता बना सकते हैं।’ वहीं, ट्रंप ने कहा कि हैरिस की नीतियों की सूची का कोई मतलब नहीं है, क्योंकि वह लगभग चार साल से सत्ता में हैं और उन्होंने अभी तक इसे पूरा नहीं किया है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर कमला हैरिस नवम्बर में चुनाव जीतती हैं तो तीसरा विश्वयुद्ध शुरू हो सकता है।
डिबेट के दौरान रूस-यूक्रेन युद्ध का मुद्दा भी उठा. डोनाल्ड ट्रंप ने जब राष्ट्रपति के रूप में जो बाइडेन को निशाने पर लिया तो कमला हैरिस की तरफ से तगड़ा पलटवार आया. कमला हैरिस ने ट्रंप को याद दिलाते हुए कहा कि ‘आपको ध्यान होना चाहिए कि आप जो बाइडेन नहीं बल्कि मेरे खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं.’
पुतिन एक तानाशाह हैं…
यूक्रेन युद्ध पर बोलते हुए कमला हैरिस ने कहा कि ‘हमारे नाटो सहयोगी इस बात से काफी खुश हैं कि आप इस समय अमेरिका के राष्ट्रपति नहीं हैं, वरना रूसी राष्ट्रपति कीव में बैठे होते और उनकी नजर बाकी यूरोप पर होती.’ कमला हैरिस ने आगे कहा, पुतिन एक तानाशाह हैं और आपको तो वे लंच में खा जाते.’ इसके बाद ट्रंप ने कमला हैरिस को अमेरिका के इतिहास का सबसे खराब उपराष्ट्रपति बताया. ट्रंप ने कहा कि कमला हैरिस रूस और यूक्रेन के बीच बातचीत करके युद्ध रोकने में विफल रही हैं.
ट्रंप युद्धविराम के पक्ष में हैं
दूसरी तरफ जब ट्रंप से पूछा गया कि रूस-यूक्रेन के बीच जारी जंग में आप किसे जीतते हुए देखना चाहते हैं, इसका जवाब देते हुए ट्रंप ने कहा कि वे चाहते हैं कि यह युद्ध रुक जाए. इसके साथ ही डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन युद्ध के दौरान अमेरिका पर बढ़ने वाले बोझ की चर्चा की. उन्होंने कहा कि अमेरिका पर पड़ने वाली लागत यूरोप की अपेक्षा बहुत अधिक है. ट्रंप ने कहा कि वे यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को बहुत अच्छी तरह से जानते हैं.

