नरसिंह चतुर्दशी का दिन भगवान विष्णु के उग्र स्वरूप भगवान नरसिंह को समर्पित है. नरसिंह जयंती का हिंदू धर्म में विशेष महत्व है. इस दिन कैसे पूजा करें, इसका महत्व क्या है जानें.
By : ज्योतिषाचार्य पंडित प्रदीप मिश्रा | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Narasimha Jayanti 2025: भगवान विष्णु के 24 अवतारों में से एक नरसिंह भी है. यह अवतार भगवान विष्णु ने परम भक्त प्रह्लाद की रक्षा के लिए लिया था. इसमें जगत के पालनहार आधा मानव और आधा सिंह का रूप धारण किया था और हिरण्यकश्यप जैसे राक्षस का वध किया था. आपको बता दें कि भगवान विष्णु ने हिरण्यकश्यप का वध वैशाख माह की शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि को किया था. यही कारण है इस दिन नरसिंह जयंती मनाई जाती है.
यह दिन बुराई पर अच्छाई की विजय और भक्तों की रक्षा के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है. इस साल नरसिंह जयंती रविवार, 11 मई को मनाई जाएगी, जो हर साल वैशाख माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि को पड़ती है. इस दिन लोग व्रत रखते हैं और पूजा-पाठ करते हैं. व्रत का पारण अगले दिन सूर्योदय के बाद किया जाता है. नरसिंह जयंती बेहद शुभ मानी जाती है.
नरसिंह जयंती
पंचांग गणना के आधार पर वैशाख माह की शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि 10 मई को शाम 05:29 मिनट पर शुरू होगी. वहीं, इसका समापन 11 मई को रात 09:19 मिनट पर होगा. ऐसे में इस साल यह पर्व 11 मई को ही मनाया जाएगा.
पूजा विधि
- सुबह उठकर स्नान करें और साफ वस्त्र धारण करें. पूजा स्थल को साफ करें और गंगाजल से पवित्र करें. एक वेदी पर लाल या पीला कपड़ा बिछाएं.
- भगवान नरसिंह की प्रतिमा स्थापित करें. अगर नरसिंह जी की प्रतिमा न हो तो भगवान विष्णु की तस्वीर भी स्थापित कर सकते हैं.
पूजा शुरू करने से पहले व्रत और पूजा का संकल्प लें. भगवान नरसिंह की प्रतिमा को पंचामृत से स्नान कराएं. चंदन, कुमकुम, हल्दी और गुलाल आदि चीजें अर्पित करें. - उन्हें पीले या लाल रंग के वस्त्र पहनाएं और पीले फूलों की माला चढ़ाएं. भगवान नरसिंह को फल, मिठाई, विशेष रूप से गुड़ और चना अर्पित करें.
- पूजा में तुलसी दल जरूर शामिल करें. घी का दीपक जलाएं. भगवान नरसिंह के मंत्रों का जाप करें.
- अंत में भगवान नरसिंह की आरती करें. पूजा के दौरान हुई गलतियों के लिए माफी मांगे. अपनी क्षमतानुसार गरीबों और जरूरतमंदों को दान करें.
इन मंत्रों का करें जाप
ॐ उग्रं वीरं महाविष्णुं ज्वलन्तं सर्वतोमुखम्। नृसिंहं भीषणं भद्रं मृत्यु मृत्युं नमाम्यहम्।।
ॐ नृम नरसिंहाय शत्रुबल विदीर्नाय नमः
ॐ नृम मलोल नरसिंहाय पूरय-पूरय
नरसिंह जयंती उपाय
- इस दिन किसी से अपशब्द नहीं बोलना चाहिए.
- क्रोध करना या किसी के प्रति बुरे विचार लाना अशुभ माना जाता है.
- नरसिंह जयंती के दिन सात्विक भोजन ग्रहण करना चाहिए.
- इस दिन विशेषकर बड़े-बुजुर्गों या कमजोरों का अपमान नहीं करना चाहिए.
- नरसिंह जयंती पर काले या नीले रंग के वस्त्र पहनने से बचना चाहिए.
- ब्रह्मचर्य का पालन करना इस दिन महत्वपूर्ण माना जाता है.
पौराणिक कथा
पौराणिक कथा के अनुसार, भगवान विष्णु ने अपने भक्त प्रह्लाद की रक्षा के लिए नरसिंह अवतार लिया था. उसमें भगवान नरसिंह का आधा शरीर मनुष्य का और आधा शरीर सिंह का था. वे हिरण्यकश्यप के अत्याचारों से मुक्ति दिलाने के लिए दोपहर के समय खंभा फाड़कर प्रकट हुए थे.
उन्होंने घर की दहलीज पर हिरण्यकश्यप को अपने जंघे पर लिटाकर दोनों हाथों के नखों से उसका पेट फाड़ दिया था. हिरण्यकश्यप को वरदान था कि उसे मनुष्य या जानवर, दिन या रात में, अस्त्र या शस्त्र से नहीं मारा जा सकता था. इस वजह श्रीहरि ने सबसे अनोखा स्वरूप नरसिंह का धारण किया था.
क्या है महत्व?
मान्यता है कि नरसिंह जयंती के दिन भगवान नरसिंह की पूजा करने से भक्तों के अंदर का भय दूर होता है. भगवान नरसिंह की कृपा से जीवन में आने वाले संकटों का नाश होता है. वे अपने भक्तों की रक्षा करते हैं. उनकी पूजा करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं और जीवन में आने वाले कष्टों से छुटकारा मिलता है.इसके अलावा नरसिंह जयंती के दिन व्रत रखने और भगवान नरसिंह की पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि आती है और साथ ही ग्रह-दोष से भी मुक्ति मिलती है.
Disclaimer: यह सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि DBNewsupdate.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.

