रांझी-पिपरिया-उमरिया तक 432.89 लाख की लागत से बनेगी फोरलेन सड़क, लोक निर्माण मंत्री ने लगभग 250 करोड़ के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन व लोकार्पण.
Source : DB News Update
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Department of Ayush MP News: मध्य प्रदेश जबलपुर में सड़क, भवन बनाने के लिए भूमिपूजन का कार्यक्रम आयोजित किया गया. जिसमें शहर के विभिन्न स्थानों में लगभग 250 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन हुआ. 17241 लाख की लागत से 13.13 किलोमीटर लंबी जबलपुर एयरपोर्ट से जबलपुर रिंगरोड तक फोरलेन सड़क का भूमिपूजन किया गया. साथ ही केंट विधानसभा अंतर्गत रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय से इलाहबाद बैंक चौराहा एवं जेएम हाईट्स रोड से आर्मी कैंप तक 1651.80 लाख की लागत से 3.13 किलोमीटर व्हाइट टॉपिंग सड़क का लोकार्पण हुआ. इसके अलावा आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय गौरीघाट में 770 लाख की लागत से 100 सीटर बालिका छात्रावास एवं आई टाईप आवासीय भवन, 432.89 लाख की लागत से 50 सीटर बालक छात्रावास भवन तथा 486.35 लाख की लागत से फार्मेसी भवन का भूमिपूजन किया गया. इसी प्रकार रांझी में 4348.29 लाख की लागत से रांझी-पिपरिया-उमरिया तक 7.5 किलोमीटर फोरलेन सड़क का भूमिपूजन किया गया. इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, विधायक, महापौर सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.
आयुर्वेद भगवान का धरोहर है- सिंह
गौरीघाट आयुर्वेद कॉलेज में लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने कहा कि भगवान धनवंतरी का भारत की पवित्र मिट्टी पर बड़ी कृपा है. वैसे तो संपूर्ण विश्व को विज्ञान से परिचित कराने वाला भारत ही है. भारत ने विश्व को शून्य के बारे में जानकारी दी और जिसके कारण विकास की नई उचाईयां दिखाई दे रही हैं. चिकित्सा के क्षेत्र में भारत का ज्ञान अवर्णीय है और यह आयुर्वेद भगवान का धरोहर है. उन्होंने कहा हमारे पूर्वज भले ही विज्ञान की डिग्री न ली हो, लेकिन उन्हें आयुर्वेद की जानकारी थी, जहां कहीं एलोपेथिक दवाईयां काम नहीं करती वहां आयुर्वेदिक दवाईयां कारगर सिद्ध होती हैं. उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि एक डॉक्टर के साथ एक आदर्श नागरिक बने क्योंकि मरीज डॉक्टर को भगवान के रूप में देखते हैं. साथ ही कहा कि यदि इसी भावना के साथ काम करेंगे तो श्रेय निश्चित मिलेगा. प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के स्वस्थ भारत की कल्पना में आयुर्वेद का बहुत बड़ा योगदान है.
लोक निर्माण से लोक कल्याण तक है विभाग का ध्येय
रांझी और जीएस कॉलेज के सामने आयोजित सभाओं में लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने कहा कि लोक निर्माण विभाग का ध्येय वाक्य लोक निर्माण से लोक कल्याण तक है और इसी ध्येय वाक्य के अंतर्गत विभाग के जो भी कार्य हो रहे हैं वे लोक कल्याण के लिए ही होते हैं. उन्होंने कहा कि पहले जबलपुर बड़ा गांव हुआ करता था, लेकिन अब तेजी से विकास कर रहा है और एक आधुनिकतम शहर का रूप ले रहा है. पहले करोड़-दो करोड़ के काम के लिए आंदोलन करना पड़ता था, लेकिन अब एक दिन में ही करोड़ो रूपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण हो रहे हैं.
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि लोक निर्माण विभाग ने लोक पथ एप बनाया है, जिसे विभाग के सभी अधिकारियों ने आत्मसात किया है. उन्होंने आम जनता से आग्रह किया कि वे इस एप को डाउनलोड करें और सड़कों में जहां कहीं भी गड्ढ़ा दिखे फोटो खींचकर अपलोड करें, विभाग का दायित्व है कि उसे चार दिन में ठीक किया जायेगा. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इस एप के नए वर्जन के माध्यम से लोग मध्यप्रदेश में जहां भी जाना चाहें वहां का रास्ता तथा रास्ते में पेट्रोल पम्प, रेस्टोरेंट, पुलिस थाना व नागरिक सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध करायेगी, साथ ही ब्लैक स्पॉट की जानकारी भी देगी. मध्यप्रदेश ऐसी एप का उपयोग करने वाला पहला राज्य है और अब दूसरे राज्य भी इसका अनुसरण कर रहे हैं.
लोक कल्याण सरोवर बनाया जायेगा
उन्होंने कहा कि सड़क बनाते समय अब ठेकेदार एक निश्चित जगह से मिट्टी व मुरम निकालेंगे और उस जगह पर एक लोक कल्याण सरोवर बनाया जायेगा. मध्यप्रदेश में अभी तक 506 लोक कल्याण सरोवर बनाये जा चुके हैं. उन्होंने कहा कि जल संवर्धन प्रणाली के लिए यह एक कारगर तरीका है. साथ ही कहा कि भविष्य में भावी पीढी को समुचित रूप से पानी उपलब्ध हो सके इसके लिए जल संरचनाओं के पुनर्जीवन के साथ सड़कों व भवनों में वॉटर रीचार्ज सिस्टम बनाया जा रहा है. मंत्री ने कहा कि लोक निर्माण विभाग पानी के साथ पर्यावरण पर भी ध्यान दे रहा है. भवनों को ग्रीन बिल्डिंग के रूप में पर्यावरण प्रकृति के अनुकूल बनाये जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ समझौता नहीं किया जायेगा, जहां कहीं भी गड़बड़ी पाई जायेगी तो आवश्यक कार्यवाही की जायेगी. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का विकास कार्यों में भरपूर सहयोग मिल रहा है. मंत्री श्री सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश में तेजी के साथ उत्तम क्वालिटी के सड़कों का जाल बिछाने का कार्य जारी है. जबलपुर से भोपाल तक करोड़ों की लागत से एक गुणवत्तापूर्ण सड़क बनेगी, साथ ही मध्यप्रदेश में एक्प्रेस-वे भी बनेंगे. एक उन्नत मध्यप्रदेश बनाने के लिए गुणवत्तापूर्ण सड़कों का होना बहुत जरूरी है.
भारतीय ज्ञान परम्परा के कारण विशिष्ट पहचान रखता है आयुर्वेद
कार्यक्रम के दौरान महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने भी जबलपुर की विकास गाथाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी. इसी के साथ विधायक अशोक रोहाणी ने भी केंट विधानसभा क्षेत्र में किये जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी. गौरीघाट में बरगी विधायक नीरज सिंह ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार सहज भाव से कार्य कर रहे हैं. आयुर्वेद एक ऐसी विधा है जो भारतीय ज्ञान परम्परा के कारण विशिष्ट पहचान रखता है. उन्होंने कहा कि आज समय की आवश्यकता है कि इसे अपनी जीवन शैली में अपनायें. कार्यक्रम के दौरान सिहोरा विधायक संतोष बरकड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा मुकेश गोटिया, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार पटेल सहित स्थानीय पार्षद व गणमान्य नागरिक मौजूद थे.

