पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी ने लेफ्ट फ्रंट के गढ़ को ध्वस्त कर टीएमसी की सरकार बनाई थी. अब भाजपा ने ममता बनर्जी के 15 साल के शासनकाल पर लगाम लगाया है.
Source : MEDIA
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Bengal CM Oath: पश्चिम बंगाल में भगवा राज प्रारंभ हो गया है. यहां भाजपा के दिग्गज नेता सुवेंदु अधिकारी ने आज शनिवार 9 मई 2026 को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है. आजाद भारत के इतिहास में यह पहला मौका है, जब बंगाल में भाजपा की सरकार बनी है. शपथ ग्रहण के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, कई राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री उपस्थित रहे.
कल सीएम पद के लिए चुने गए थे सुवेंदु अधिकारी
पश्चिम बंगाल में भाजपा को राजनीति रूप से मिली इस ऐतिहासिक सफलता पर एक दिन पहले सीएम पद के लिए चयन किया गया था. बंगाल के सभी बड़े नेताओं ने सुवेंदु अधिकारी को अपना नेता चुना था. भारत के गृह मंत्री अमित शाह ने बंगाल भाजपा विधायक दल की बैठक बुलाई थी, उसके बाद सुवेंदु अधिकारी के नाम की औपचारिक घोषणा की गई थी. अमित शाह ने कहा था कि सुवेंदु अधिकारी को सर्वसम्मति से पश्चिम बंगाल भाजपा विधायक दल का नेता चुना जाता है. इसके तुरंत बाद अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आरएन रवि से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया था.
पीएम के प्रति अभार जताया
बंगाल विधानमंडल दल का नेता चुने जाने के बाद सुवेंदु अधिकारी ने भाजपा नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद और पार्टी नेतृत्व के विश्वास से उन्हें यह जिम्मेदारी मिली है. वहीं भाजपा नेता अग्निमित्रा पॉल ने सुवेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री पद के लिए सबसे उपयुक्त चेहरा बताया. उन्होंने कहा कि अधिकारी ने पिछले पांच वर्षों में विधानसभा के भीतर और बाहर लगातार संघर्ष किया है.
अब भाजपा के विधायकों को काम करने की जिम्मेदारी
पॉल ने आगे कहा कि 207 भाजपा विधायक अब चौबीसों घंटे काम पर लग जाएं. बंगाल के लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरना अब उनकी जिम्मेदारी है. वहीं भाजपा नेता खगेन मुर्मू ने इस जीत को भाजपा कार्यकर्ताओं के बलिदान की जीत बताया. उन्होंने दावा किया कि चुनावी हिंसा में मारे गए 321 लोगों के बलिदान की बदौलत भाजपा सत्ता तक पहुंची है. उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता ने घुसपैठ, अत्याचार और महिलाओं पर हिंसा के खिलाफ वोट दिया है. भाजपा सांसद सौमित्र खान ने कहा कि सही विचारधारा की जीत हुई है. वहीं, दिलीप घोष ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था बहाल करना नई सरकार की पहली प्राथमिकता होगी. भाजपा विधायक दल के अन्य नेताओं ने भी इसे पश्चिम बंगाल के लिए ऐतिहासिक दिन बताया.
अब बंगाल में आध्यात्मिक और आर्थिक पुरुत्थान होगा-योगी
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कहा कि, पश्चिम बंगाल में सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और आर्थिक पुनरुत्थान देखने को मिलेगा. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को पूर्वी राज्य में भाजपा की पहली सरकार के मुख्यमंत्री के रूप में सुवेंधु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के बाद कहा कि ‘सोनार बांग्ला’ का संकल्प अब पूरा होगा और पश्चिम बंगाल सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और आर्थिक पुनरुत्थान के दौर में प्रवेश करेगा.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुवेंदु अधिकारी को बधाई दी और उनके उज्ज्वल एवं सफल कार्यकाल की कामना की. उत्तर प्रदेश सरकार ने एक बयान में कहा, “यूपी के मुख्यमंत्री ने मंच पर सुवेंदु अधिकारी को भगवा अंगवस्त्र भी पहनाया.”
सीएम आदित्यनाथ ने मंत्री पद की शपथ लेने वाले दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, क्षुदीराम टुडू और निसिथ प्रमाणिक को बधाई दी.
विकसित भारत का संकल्प
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी सुवेंदु अधिकारी को बधाई देते हुए कहा कि अब पश्चिम बंगाल विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस शासन में राज्य की कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी थी.
207 सीट पर ऐतिहासिक जीत
207 सीटों पर जीत हासिल कर भाजपा ने बंगाल में परचम लहरा दिया है. 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 207 सीटें जीती हैं और ऐतिहासिक बहुमत हासिल किया है, जबकि पिछले 15 वर्षों से सत्ता में रही तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों पर सिमट गई. सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम और भवानीपुर सीट से चुनाव लड़ा था और भवानीपुर में तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता को 15 हजार से अधिक मतों से हराकर बड़ा राजनीतिक उलटफेर किया.
अधिकारी तृणमूल कांग्रेस के नंदीग्राम आंदोल से जुड़े रहे
यहां बतादें कि सुवेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस के नंदीग्राम आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, जो पश्चिम बंगाल में 24 साल के वाम मोर्चा शासनकाल का अंत किया और तृणमूल कांग्रेस सरकार के गठन के प्रमुख कारणों में से एक था. 2019 में उनके बीच मतभेद सामने आए और अंततः उन्होंने 2021 में टीएमसी छोड़ दी. बाद में उन्होंने बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ भाजपा का नेतृत्व संभाला, जो कभी उन्हें अपना करीबी सहयोगी मानती थीं.
अब तमिलनाडु में विजय सरकार की बारी, गवर्नर से मिले थलपति
टीवीके प्रमुख विजय ने लोकभवन में तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात की है. उन्होंने इस दौरान अन्य पार्टियों से मिले समर्थन पत्र राज्यपाल को सौंपा है, और सरकार बनाने का दावा किया है. कांग्रेस, सीपीआई, सीपीआई(M), VCK और IUML के समर्थन से, अब 121 विधायक TVK के समर्थन में हैं. राज्य में सरकार बनाने का उसका रास्ता अब साफ हो गया है. इससे पहले खबर आई थी कि राज्यपाल की शाम 7:10 बजे फ्लाइट से केरल जाने वाले थे. उन्होंने दौरा कैंसिल कर दिया है.
लोकभवन के सूत्रों बताया था कि गवर्नर ने केरलम जाने के कार्यक्रम रद्द कर दिया. इससे पहले TVK और CPM के नेता जब गवर्नर से मिलकर विजय के लिए समय लेने आये थे तब उनसे कहा गया था कि उनका पहले से ही कार्यक्रम तय है. उन्हें केरलम जाना है इसीलिए अपॉइंटमेंट नहीं दिया जा सकता है.

