बीएसएनएल का संचार आधार एप बंद हो गया है. इसी एप से सिम एक्टिवेट की जाती थी.
Source : DB News Update
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Jabalpur Bharat Sanchar Nigam Ltd. News : बीएसएनएल के सैकड़ों उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं. नई सिम एक्टिवेट नहीं हो रही है. डुप्लीकेट सिम लेने वालों की सिम भी चालू नहीं हो रही हैं, क्योंकि बीएसएनएल का संचार आधार एप बंद हो गया है. इसी एप से सिम एक्टिवेट की जाती थी. बताया जाता है कि आधार संचार एप ऊपर से बंद हुआ है. इसकी जगह संचार मित्र एप लाया गया है, लेकिन इस एप में कई खामियां हैं. यह ठीक से काम नहीं कर रहा है. इसके कारण उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं.
नहीं बता रहे कब शुरू होगा एक्टिवेशन
पिछले 12 दिनों से बीएसएनएल की सिमें एक्टिवेट नहीं हो रही हैं. उपभोक्ता कार्यालय के चक्कर लगा-लगाकर परेशान हैं. उन्हें यह तक नहीं बताया जा रहा है कि नई और डुप्लीकेट सिमों का एक्टिवेशन कब से शुरू होगा. अधिकारी केवल एक ही जवाब दे रहे हैं कि यह समस्या ऊपर से है. जब तक ऊपर से सुधार नहीं होगा, तब तक वे कुछ नहीं कर सकते हैं. बीएसएनएल कार्यालय में पहुंचे उपभोक्ताओं ने बताया कि इनकी लापरवाही के चलते उपभोक्ता दूसरी कंपनियों में सिम पोर्ट करा रहे हैं.
कैसे बंद हुई सेवाएं?
सिम एक्टिवेट करने की सेवाएं बंद होने का कारण आधार संचार एप को बताया जा रहा है. आधार संचार एप प्राइवेट कंपनी का एप था. बताया जाता है कि 30 नवंबर 2025 तक अनुबंध था. बकाया राशि का कंपनी को भुगतान नहीं किया गया, जिससे कंपनी ने अपने एप की सभी सेवाएं बंद कर दीं. इससे जबलपुर, मध्यप्रदेश सहित कई राज्यों में बीएसएनएल की सेवाएं ठप हो गईं.
बीएसएनएल को हो सकता है भारी नुकसान
1 दिसंबर से बीएसएनएल की नई सिम और डुप्लीकेट सिम का एक्टिवेशन बंद है. उपभोक्ता कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं. कई उपभोक्ताओं ने तो 2-3 दिन चक्कर लगाए और इसके बाद उन्होंने दूसरी कंपनी की सिम ले ली. विभागीय सूत्र बताते हैं कि यदि जल्द सेवाएं शुरू नहीं हुईं, तो बीएसएनएल में नए उपभोक्ता नहीं जुड़ेंगे. पुराने उपभोक्ता जिन्होंने डुप्लीकेट सिम ली है, उनकी भी सिम चालू नहीं हो रही है. सेवाएं जल्द शुरू नहीं हुईं तो बीएसएनएल को भारी नुकसान हो सकता है.
इन सुविधाओं से वंचित उपभोक्ता
- संचार आधार एप के माध्यम से नई सिम का एक्टिवेशन होता था.
- ई-केवाईसी भी की जाती थी.
- आधार कार्ड का वेरिफिकेशन, खोए हुए सिम की जगह नई सिम को एक्टिवेट करने का कार्य इसी से होता था.
किन समस्याओं से जूझ रहे उपभोक्ता
- सैकड़ों उपभोक्ता सिम बिना एक्टिवेट कराए वापस जा रहे हैं.
- संचार आधार एप बंद होने के कारण उपभोक्ताओं के फोन बंद हैं.
- बीएसएनएल के जिम्मेदार अधिकारी भी इस संबंध में उपभोक्ताओं को सिम चालू करने का कोई दूसरा तरीका नहीं बता पा रहे हैं.

