उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में किसान डिग्री कॉलेज के मैदान में कबड्डी खेलते बच्चों के बीच अचानक आकाशीय बिजली गिर गई. जोरदार धमाके से मैदान में अफरातफरी मच गई.
By : डीबी न्यूज अपडेट | Edited By: प्रिंस अवस्थी
UP Basti Viral Video News: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से रविवार (31 अगस्त) की सुबह अचानक आसमान से तेज रोशनी के साथ जोरदार धमाका हुआ. देखते ही देखते आकाशीय बिजली सीधे मैदान में आ गिरी. यह दिल दहला देने वाली घटना किसान डिग्री कॉलेज के मैदान में घटी, जहां बच्चे पूरे जोश के साथ कबड्डी खेल रहे थे.
मौत को छूकर निकल गई आकाशीय बिजली
यह दृश्य इतना खौफनाक था कि बच्चे कुछ समझ पाते, उससे पहले ही दहशत में भागने लगे. बिजली इतनी नजदीक गिरी थी कि पल भर के लिए सभी बच्चों के होश उड़ गए. मैदान में अफरातफरी मच गई, लेकिन सबसे बड़ी राहत यह रही कि इस घटना में किसी भी बच्चे को चोट नहीं आई. सभी खिलाड़ी सकुशल बच गए. यह किसी चमत्कार से कम नहीं था.
कैमरे में कैद हुई पूरी घटना
खास बात यह रही कि यह पूरा हादसा मोबाइल कैमरे में कैद हो गया. मैदान के किनारे खड़ा एक बच्चा कबड्डी मैच रिकॉर्ड कर रहा था और अचानक गिरी बिजली भी उसी कैमरे में कैद हो गई. जैसे ही वीडियो सोशल मीडिया पर पहुंचा, यह तेजी से वायरल हो गया. लोग हैरानी जता रहे हैं कि इतनी भयावह घटना के बावजूद किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ.

